दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव प्रचार को पूरी गति देते हुए आज दतिया के मुख्य बाजार में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में विशाल जनसंपर्क अभियान आयोजित किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरे और व्यापारियों व आमजन से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।
जैसे ही डॉ. नरोत्तम मिश्रा और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी कार्यकर्ताओं के विशाल काफिले के साथ बाजार पहुंचे, पूरा क्षेत्र भाजपा के नारों और उत्साह से गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों, जयघोष और गगनभेदी नारों के बीच नेताओं का जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने भी जनसंपर्क अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि टिकट वितरण के बाद पार्टी में भितरघात और असंतोष को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर इस कार्यक्रम ने काफी हद तक विराम लगा दिया है। डॉ. नरोत्तम मिश्रा का प्रत्याशी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जनसंपर्क करना पार्टी की एकजुटता और चुनावी प्रतिबद्धता का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है।
जनसंपर्क के दौरान डॉ. नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी ने दतिया के विकास, सुशासन और जनविश्वास को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता हमेशा विकास की राजनीति का समर्थन करती आई है और इस उपचुनाव में भी भाजपा को प्रचंड जनसमर्थन मिलेगा।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय पार्षद, मंडल एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। पूरे जनसंपर्क अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
