दतिया पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, श्री पीताम्बरा पीठ में मां बगलामुखी की पूजा कर लिया आशीर्वाद



दतिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचे। दतिया हवाई पट्टी पर प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा, जिला महामंत्री अतुल भूरे चौधरी, जिला महामंत्री संघमित्रा अहिरवार, सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


दतिया आगमन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे प्रसिद्ध श्री पीताम्बरा पीठ पहुंचे। यहां उन्होंने मां बगलामुखी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।


इसके बाद मुख्यमंत्री ने महाभारत कालीन माने जाने वाले वानखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर दतिया में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पूजा-अर्चना पूर्ण करने के बाद मुख्यमंत्री अपने अगले कार्यक्रम के लिए ललितपुर रवाना हो गए।


स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री के आगमन को महत्वपूर्ण बताते हुए उनका स्वागत किया। दतिया स्थित श्री पीताम्बरा पीठ देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है, जहां देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

दतिया पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,


1 टिप्पणियाँ

और नया पुराने