दतिया में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे है| आज दतिया के इंदरगढ़ थाना अंतर्गत खाद गोदाम के पास अज्ञात बदमाशों ने शनिवार को पिता पुत्र के साथ मारपीट कर सोने की चेन लूट ली। मारपीट में घायल दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है। घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इंदरगढ़ निवासी साहिल अपने पिता फिरोज के साथ दतिया पीजी कॉलेज आ रहा था। पीड़ित साहिल के मुताबिक रास्ते में खाद गोदाम के पास पांच अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोका और मारपीट करने लगे।
मारपीट के बाद बदमाशों ने साहिल के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से भाग निकले। घटना के बाद राहगीरों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों पिता पुत्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों का उपचार जारी है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।