पूर्व मुख्यमंत्री Digvijay Singh का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ऐसे लोगों को अपना प्रत्याशी बनाएगी, जो बिकाऊ नहीं, बल्कि टिकाऊ होंगे। वहीं, नीतीश कुमार के विपक्ष के एकजुट होने पर भाजपा को 100 सीटों पर समेटने के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि यह हमारी पार्टी की वर्किंग कमेटी यह तय करेगी। जनता तो हमको चाहती है, लेकिन हमारा संगठन मजबूत नहीं होने के कारण हम चुनाव हार जाते हैं। दिग्विजय पर तंज कसते हुए गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- वे जहां प्रचार करते हैं, वहां वोट कटते हैं।
Digvijay singh ने ये सारी बातें रविवार देर शाम हरदा जिले के टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सोडलपुर में कहीं। यहां उन्होंने कांग्रेस मंडलम के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर टिप्स दिए। पूर्व सीएम ने पदाधिकारियों को सारे मतभेद भुलाकर पार्टी की जीत को लेकर मंत्र दिया। बता दें कि इस सीट पर बीते चार विधानसभा चुनावों से कांग्रेस को हार मिल रही है।
दिग्गी ने कही गुटबाजी खत्म करने की बात
पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए Digvijay singh ने कहा कि BJP ने झूठे मतदाता जोड़े हैं। सभी लोग निरंतर बैठक लेकर समन्वय स्थापित करें। यह गुटबाजी हमारे लिए उचित नहीं है। जिसको टिकट मिलेगा उन्हें हमें सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें जनता के बीच भाजपा की कमियों को बताना चाहिए।
दिग्गी के सामने ही गुत्थम-गुत्था हुए दो कांग्रेसी
हरदा में एक तरफ जहां दिग्विजय सिंह संगठन को मजबूत करने और गुटबाजी नहीं करने की बात कह रहे थे। वहीं उनके सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में सालों से चली आ रही गुटबाजी सामने आ गई। उनके सामने ही टिमरनी के कांग्रेस नेता प्रताप सिंह राजपूत और अनिल वर्मा आपस में उलझ गए और गुत्थम-गुत्था हो गए। इस दौरान वहां मौजूद अन्य नेताओं ने दोनों को अलग कराया।
बताई कांग्रेस के चुनाव हारने की वजह
कार्यकर्ताओं को एकता का मंत्र बताते हुए Digvijay Singh ने मंच से कहा कि जनता हमको चाहती है, लेकिन हमारा संगठन मजबूत न होने से हम चुनाव हार जाते हैं। मीडिया से चर्चा मे दिग्विजय सिंह ने कहा की इस बार कांग्रेस चुनाव जीतेगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम नहीं लिए बिना उन पर तंज कसा कि इस बार बिकाऊ नहीं टिकाऊ माल आएगा।
बैठक के दौरान हुआ जमकर हंगामा
सोडलपुर में जब पूर्व सीएम कार्यकर्ताओं को पार्टी की जीत का मंत्र दे रहे थे, तभी पार्टी नेताओं की आपसी फूट उभरकर सामने आ गई। छिदगांव पंचायत के सरपंच प्रताप सिंह राजपूत ने सबके सामने जनपद चुनाव के दौरान हुई आपसी तकरार को लेकर जनपद उपाध्यक्ष अनिल वर्मा के ऊपर आरोप लगाए। इस दौरान दोनों के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हुई। हालांकि, तब भी दिग्विजय सिंह माइक से गुस्से में आए नेताओं को एकता बनाए रखने की समझाइश देते रहे।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमिला ठाकुर ने भी अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि हम लगातार क्षेत्र में जनता के बीच पहुंच रहे हैं। टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के वनांचल क्षेत्रों में वर्षों से समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि ने जनता के बीच जाकर काम करना उचित नहीं समझा। वहीं किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन विश्नोई ने कहा कि हम दोनों विधानसभा क्षेत्र में जाकर जनता के बीच चौपाल लगा रहे है। उसमें जनता से संवाद स्थापित कर रहे हैं।
एक कार्यकर्ता ने कहा कि जिले में कुछ नेताओं को पट्ठागिरी पसंद हैं। जिसके चलते वे आम कार्यकर्ता की अनदेखी करते हैं। वहीं एक कांग्रेस नेता के बेटे और किसान प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष के बीच भी गुटबाजी और आपसी खींचतान को लेकर झूमाझटकी हो गई।
विकास यात्रा को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने प्रदेश में निकाली जा रही विकास यात्रा को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास यात्रा के नाम पर जनता के पैसों की बर्बादी की जा रही है। शासकीय पैसों का दुरुपयोग कर भाजपा की विकास यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा में शामिल होने को लेकर लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है। सरकारी एवं निजी स्कूलों के बच्चों को स्कूल बंद करके जबरदस्ती यात्रा में शामिल किया जा रहा है। पंचायत सचिव और सीएमओ को भोजन व्यवस्था, माइक टेंट की व्यवस्था करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
पढ़िए दिग्विजय के बयान पर किसने क्या कहा...
सीएम शिवराज ने दिग्विजय पर कंसा तंज
सीएम शिवराज ने कमलनाथ पर तंज सकते हुए कहा कि दिग्विजय जी के बारे में यह प्रसिद्ध है, वो जिसके कंधे पर हाथ रख देते हैं, उसका परमकल्याण ही उनके दिल में होता है। अब यह दिग्विजय का एक स्टाइल है। कहते क्या हैं, दिल में क्या है…. और करते क्या हैं… यह आज तक कोई नहीं जान पाया।
गृहमंत्री बोले- दिग्विजय जहां जाते हैं वहां वोट कटते हैं
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा सोमवार को दतिया में विकास यात्रा में शामिल हुए। यहां गृहमंत्री ने दिग्विजय सिंह पर तंज कसा। उन्होंने कहा- जनता दिग्विजय सिंह के प्रचार को दुष्प्रचार मानती है। दिग्विजय जहां-जहां प्रचार को जाते हैं, वहां वोट कटते हैं। दिग्विजय सिंह एक बार फिर संगत में पंगत कर रहे हैं। अब रायता तो फैलेगा ही। यह दिग्विजय सिंह खुद मान चुके हैं कि उनके प्रचार करने से कांग्रेस के वोट कटते हैं।
पीसी शर्मा का पलटवार
नरोत्तम मिश्रा के बयान पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने पलटवार किया। पीसी ने कहा कि दिग्विजय ने खुद स्वीकार किया है कि जिन-जिन राज्यों के प्रभारी रहे हैं, वहां कांग्रेस जीती है। एमपी में सरकार उधार वाली सरकार है। विधायक तोड़कर इन्होंने पैसे 35 करोड़ गिनकर सरकार बनाई है। ये हालत भी दोबारा से होने वाली है, लेकिन इस बार कांग्रेस की 174 सीट आएंगी। जिसके बाद खरीद फरोख़्त भी नहीं कर पाएंगे।


