दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का निर्वाचन आयोग ने ऐलान कर दिया है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार 6 जुलाई 2026 को अधिसूचना जारी होगी, 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा और 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी। घोषणा के साथ ही दतिया विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
चुनाव कार्यक्रम
- 6 जुलाई: अधिसूचना जारी
- 13 जुलाई: नामांकन की अंतिम तिथि
- 14 जुलाई: नामांकन पत्रों की जांच
- 16 जुलाई: नाम वापस लेने की अंतिम तिथि
- 30 जुलाई: मतदान
- 3 अगस्त: मतगणना
- 4 अगस्त: चुनाव प्रक्रिया पूरी
क्यों हो रहा है उपचुनाव?
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस के तत्कालीन विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी। बैंक एफडी से जुड़े पुराने फर्जीवाड़े के मामले में उन्हें तीन वर्ष की सजा मिलने के बाद जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की घोषणा की।
मुकाबला होगा दिलचस्प
दतिया सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा 2023 की हार का हिसाब बराबर करने की कोशिश करेगी, जबकि कांग्रेस इस सीट को बचाने के लिए मजबूत उम्मीदवार उतारने की रणनीति बना रही है। आने वाले दिनों में प्रत्याशियों की घोषणा के बाद चुनावी मुकाबला और रोचक होने की संभावना है।
