रहस्य बनी घर में लग रही आग!:घर में रखा सामान जला

 डर ऐसा कि घर के बाहर रहने को मजबूर हुआ परिवार

राजगढ़ में एक घर इन दिनों चर्चा में है। इस घर में पिछले 4 दिनों से खुद-ब-खुद आग लग रही है। इससे घर में रखा सामान जल रहा है। हालात ऐसे हैं कि परिवार ने डर के मारे घर का पूरा सामान बाहर निकाल दिया है। यहीं नहीं दिन हो या रात, परिवार घर के बाहर ही रहने को मजबूर है। मामला जिले के खिलचीपुर का है।

खिलचीपुर की बिहारी कॉलोनी में योगेश मेवाड़े का परिवार रहता है। परिवार में 7 सदस्य हैं। इन दिनों यह परिवार एक अजीब सी दहशत में जी रहा है। बीते गुरुवार से ही उनके घर में कहीं भी कभी भी अचानक आग लग जाती है। कभी घर की बंद अलमारी, कभी सोफा तो कभी कूलर और टीवी में रहस्यमयी तरीके से आग रही है। आग की घटना के कारण उनके घर में रखे कपड़े और बिस्तर तक जल चुके है। योगेश की पत्नी भूरीबाई आग लगने की घटना से इतनी परेशान है कि फोन लगाकर अपने रिश्तेदार से बोल रही है कि यहां कब आओगे, जब हम सब मर जाएंगे तब। इतना कहकर भूरीबाई फूट-फूटकर रोने लगती है।

खिलचीपुर की बिहारी कॉलोनी के इसी मकान में बार-बार आग लग रही है।
खिलचीपुर की बिहारी कॉलोनी के इसी मकान में बार-बार आग लग रही है।

मामले की खबर लगते ही शनिवार को पटवारी भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पंचमामा बनाया है, लेकिन जब उनसे पूछा गया कि घर में बार-बार आग क्यों लग रही है तो उनका जवाब था कि मकान मालिक ने ही उन्हें बताया कि शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग रही है।

40-50 बार आग लगी, घर में LED, सोफा, कूलर, अलमारी जले

घर में रखा कूलर, बिस्तर, कागजात, टीवी, सोफा, अलमारी समेत कपड़ों में भी आग लग रही है।
घर में रखा कूलर, बिस्तर, कागजात, टीवी, सोफा, अलमारी समेत कपड़ों में भी आग लग रही है।

योगेश मेवाडे़ के परिवार में पत्नी भूरीबाई, बेटा गौतम (17), बेटी शीतल (14) सहित योगेश की साली सुगन मेवाड़े और उसके 2 बच्चे साथ रहते हैं। नीचे ग्राम पंचायत के सचिव को कमरा किराए से दे रखा था। गुरुवार शाम 4 बजे से अचानक घर में आगजनी की घटना शुरू हुई। एक स्थान पर आग बुझाने के बाद दूसरी जगह खुद ही आग लग जाती है। अब तक घर में 40 से 50 बार आग लग गई है, जिसमें घर की दीवार पर लगी LED टीवी, कूलर, सोफा, अलमारी और कपड़े तक जल गए।

दहशत में कटवा दिया बिजली कनेक्शन

परिवार ने दहशत में आकर बिजली कनेक्शन कटवा दिया, लेकिन आग लगना बंद नहीं हुई तो इसे भूत-प्रेत का चक्कर मानकर पड़ोसियों से मदद मांगी। पड़ोसी ने शुक्रवार को उसका एक कमरा खाना बनाने के लिए दे दिया। भूरीबाई ने जैसे ही इस कमरे में उनके घर का कुछ सामान रखा, वैसे ही मकान मालिक के घर में रखी उसकी साड़ियां जल गई, जिसके बाद पड़ोसी ने भी उनका सामान हटाने का बोल दिया। उसके बाद पूरा परिवार घर के बाहर पड़े खाली प्लॉट में रहने को मजबूर है। पूरे घर का सामान, कपड़े सब खुले में पड़े हैं। वहीं, लोग भूत-प्रेत का चक्कर मानकर ओझा गुनिया को बुला रहे हैं।

महिला भूरीबाई बोली- सामान से उठने लगती हैं आग की लपटें

बिहारी कॉलोनी निवासी भूरीबाई ने बताया कि हमारे घर के किसी भी हिस्से में अपने आप आग लग रही है जबकि हमने बिजली कनेक्शन भी कटवा दिया था, उसके बाद भी घर में रखे सामान में आग लग रही है। 4 दिन में हमारे घर में कई बार जगह-जगह अचानक आग लग रही है। बार-बार आग लग रही थी इसलिए हमने घर का पूरा सामान बाहर निकाल लिया है। भूरी बाई ने कहा कि हमारे पड़ोसी ने हमें एक कमरा रहने के लिए दिया था, जैसे ही उनके घर में सामान रखा तो वहां भी रखे कपड़ों में आग लग गई। पता नहीं ये क्या हो रहा है आग कैसे लग रही है कुछ पता नहीं चल रहा है।

किराए से दिए कमरे का भी यही हाल

घर का नीचे का कमरा सचिव को किराए पर दे रखा था, लेकिन जब नीचे भी रखे सामान में आग लगने लगी तो सचिव ने कमरा खाली कर दिया।
घर का नीचे का कमरा सचिव को किराए पर दे रखा था, लेकिन जब नीचे भी रखे सामान में आग लगने लगी तो सचिव ने कमरा खाली कर दिया।

पड़ोसी गीता बाई बोली- रहने को कमरा दिया तो यहां भी आग लग गई

पड़ोसी गीता बाई ने बताया कि हमारे पड़ोस में रहने वाली भूरीबाई के घर में कल से ही रखे सामान में आग लग रही है। हमने एक कमरा भूरीबाई को दे दिया। उन्होंने जैसे ही हमारे घर में उनका सामान रखा। वैसे ही मेरे कपड़ों में भी अपने आप आग लग गई, जिसे देख मेरी लड़की चिल्लाई- आग लग गई, आग लग गई, जिसके बाद हमने पानी लाकर आग बुझाई। फिर उन्होंने उनका सामान हमारे घर से निकाल लिया। मेरी भी 2 साड़ी जल गई है।

पटवारी बोले- मकान मालिक ने बताया, शॉर्ट सर्किट से लग रही आग

आग की सूचना पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा था। दमकल ने आग बुझा दी। आग लगने की सूचना पर हल्का पटवारी जीतमल दांगी पहुंचे थे। उन्होंने पंचनामा तैयार कर लिया। पटवारी जीतमल दांगी का कहना है कि जिस योगेश मेवाड़े के घर में शॉर्ट-सर्किट की वजह से आग लग रही है, ऐसा मकान मालिक ने ही मुझे बताया है, लेकिन सवाल खड़ा होता है कि आग लगने की घटना के समय से ही योगेश ने घर की बिजली कटवा दी थी तो शॉर्ट-सर्किट कैसे हो सकता है।

महिला के घर में अचानक आग लगने से कपड़े जल गए हैं। इसके बाद मकान मालकिन रोती रहीं।
महिला के घर में अचानक आग लगने से कपड़े जल गए हैं। इसके बाद मकान मालकिन रोती रहीं।

तांत्रिक बोला- किसी ने घर में छोड़ दिया अग्निवीर

आग लगने की घटना कहां तक सही है इस बात की पुष्टि करने के लिए हमने घर के मालिक योगेश मेवाड़े से बात की तो उन्होंने बताया कि उनके यहां पिछले 4 दिनों से घर के अंदर रखे सामान में अचानक आग लग जाती है। हमें शंका हुई कि किसी ने हमारे घर में तंत्र-मंत्र करवा दिया है।

हमारा पूरा परिवार परेशान हो गया। अब नौबत यहां तक आ गई थी कि जिस खुले प्लॉट में हमारा घर का सामान रखा था, वहां भी धीरे-धीरे आग लगना शुरू हो गई थी, जिसके बाद हमने एक तंत्र-मंत्र करने वाले तांत्रिक को बुलाया। फिर तांत्रिक ने हमें जो बताया वो सुनकर हम हैरान रह गए। पैरों तले जमीन खिसक गई। तांत्रिक का कहना है कि हमारे घर में किसी ने अग्निवीर (जादू-टोना) छोड़ रखा है। उस तांत्रिक ने कथित रूप से तंत्र मंत्र ने उसका बंदोबस्त कर दिया है।

SDM को नहीं है मामले की जानकारी

जब हमने आगजनी की घटना को लेकर खिलचीपुर एसडीएम अंकिता जैन से बात की तो उन्होंने बताया कि आग लगने की घटना के बारे में उन्हें अभी तक पता ही नहीं है, वह बाहर हैं। उनका कहना है कि मैं इस घटना के बारे में पता करती हूं। ऐसे में अब सवाल यह उठता है कि पिछले 4 दिनों से एक घर में आग लग रही हो। वहां पर 4 दिन बाद किसी सरकारी अधिकारी ने ठीक से जांच तक नहीं की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने