मप्र की सियासत में इन दिनों महिलाएं केन्द्र में हैं। शिवराज सरकार ने लाड़ली बहना योजना के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की विवाहित, तलाकशुदा, विधवा महिलाओं को एक हजार रुपए महीना देने जा रही है। कांग्रेस ने इसका काट खोजने के लिए नारी सम्मान योजना के जरिए सभी परिवारों की महिलाओं को डेढ़ हजार रुपए महीना और गैस सिलेंडर 500 रुपए में देने का ऐलान किया है। आज भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मीडिया से चर्चा में महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा- मप्र के 57 जिलों में आज लाडली बहना योजना पर महिला मोर्चा की बहनें प्रेस कॉन्फ्रेंस हो रही हैं। 10 जून को मप्र की 1 करोड़ 25 लाख बहनों के खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे।
महिलाओं को साइबर क्राइम की तरफ धकेल रही कांग्रेस
सीमा सिंह ने कहा- मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने बेटियों की सुरक्षा के लिए लाडली लक्ष्मी योजना शुरू की। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना शुरू की। केंद्र सरकार ने लखपति बहना, उज्ज्वला योजना जैसी स्किम शुरू की हैं। कांग्रेस की 15 महीने की सरकार में कागजी घोषणाएं की, लेकिन जमीन पर नहीं उतरीं। कांग्रेस ने बीजेपी की योजनाओं को बंद कर दिया था। अब तीर्थ दर्शन योजना में बुजुर्ग हवाई यात्रा कराई जा रही है। गरीब और अब गरीब नहीं है वह भी हवाई यात्रा कर सकता है। वीआईपी ट्रीटमेंट ले सकता है।
बीजेपी कोई अच्छा काम करती है तो कांग्रेस को चालाकी सूझती है..
सीमा सिंह ने कहा- भाजपा की सरकार यदि कोई अच्छा काम कर रही है तो कांग्रेस को एक चालाकी सूझती है। कमलनाथ ने सिर्फ घोषणा की है यहां तो 10 तारीख को सीधे अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे। बीच में कोई बिचोलिया नहीं है। हमने हेल्प डेस्क बनाई है। 10 जून को मध्यप्रदेश की सवा करोड़ बहनों के खातों में ट्रांजैक्शन होगा।
कांग्रेस ने घोषणाएं तो बहुत की हैं अभी वह आधार कार्ड जमा कर रहे हैं। उन्होंने आधार कार्ड ले लिया और बोल दिया कि हम आपका कार्ड लिंक कर देंगे। उनको साइबर क्राइम की तरफ धकेल रही है। आप उनका आधार कार्ड, मोबाइल नंबर ले लेंगे बाद में क्या करेंगे पता नहीं। आधार कार्ड, नंबर का मिस यूज भी हो सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद भाजपा प्रवक्ता नेहा बग्गा, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह।
योजना से छूटी महिलाओं को दिलाएंगे फायदा
बीजेपी की प्रदेश प्रभारी सीमा सिंह ने कहा- हम हेल्पडेस्क बना रहे हैं। महिलाओं को कोई परेशानी ना हो। जब पैसे ट्रांसफर होंगे तब हम देखेंगे कि बहनों को कोई परेशानी ना हो। अगर कोई कंफ्यूजन है तो हेल्पडेस्क के माध्यम से समाधान करा सकती हैं। मुख्यमंत्री पात्रता पत्र देंगे। महिलाओं को सबूत के तौर पर पात्रता पत्र भी दिया जाएगा। सबूत के तौर पर यह पात्रता पत्र हमेशा के लिए उनके पास रहेगा।
विधानसभा स्तर पर एक महिला बनेगी प्रभारी
लाडली बहना योजना के क्रियान्वयन में महिला मोर्चा की अहम भूमिका रहेगी। महिला मोर्चा की जिला स्तर पर बैठकें होगी। विधानसभा में एक-एक बहन को प्रभारी बनाया जाएगा। वह बूथ स्तर तक जाएंगीं। अगर किसी बहन को योजना का लाभ नहीं मिला है तो उनके नामों की सूची बनाकर लाभ दिलाने के लिए हमारी हेल्प डेस्क काम करेगी।