बसई थाना क्षेत्र के मकड़ारी मौजे में डल रही मुंबई-दिल्ली तीसरी रेलवे लाइन का 90 मीटर केंटनरी वायर समेत सवा तीन लाख से अधिक का सामान चोरी करने वाले चोर पास के गांव के ही निकले। पुलिस ने चार चोर पकड़े। इनमें एक नाबालिग है। आरोपियों ने महज एक घंटे के अंदर खंबे पर चढ़कर आरी से तार काटे और खींचते हुए रेलवे लाइन के पास बनी तलैया में छुपाकर रख दिए। इस चोरी की घटना से रेलवे और बसई पुलिस हरकत में आई। महज 24 घंटे के अंदर ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी के सामान को बरामद किया।
थाना प्रभारी रामसेवक शर्मा ने बताया कि गौरतलब है कि 30 जनवरी को फरियादी अहमद अली शाह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति ग्राम मकड़ारी क्षेत्र में चल रहे नई रेलवे लाइन ओएचई फिटिंग में से लगभग 90 मीटर केंटनरी वायर (तांबे के तार), 140 मीटर कांटेक्ट वायर व दो स्पेन ड्रॉपरिंग क्लिपिंग आदि सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 3 लाख 26 हजार रुपए बताई गई।
रेलवे के सामान का चूंकि यह पहला और बड़ा मामला था। पुलिस ने बिना देरी किए रेलवे लाइन के आसपास तलाश शुरू की। जिस जगह से तार चाेरी किए गए वहां से तालाब की तरफ तारों को खींचने के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने गांव में तलाशी शुरू की और ग्राम मकड़ारी से अभिषेक पुत्र सूरज सिंह राजपूत, परशुराम उर्फ सांई पुत्र नंदराम राजपूत, मनोहर पुत्र ओमप्रकाश पाल और एक नाबालिग को शंका के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपियों ने चोरी की घटना कबूली और बताया कि उन्होंने रेलवे के सामान को चोरी कर पास के ताल में घास में नीचे छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया। आरोपियों को पकड़ने और माल बरामदगी में एएसआई प्रवीण कुमार बरुआ, नीरज शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, हरेंद्र सिंह जादौन, साहब सिंह चौहान, संदीप तिवारी, भगवती प्रसाद शर्मा, लक्ष्मी नारायण मिश्रा समेत पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
सीसीटीवी कैमरे के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसके बाद सूचना मिलने पर पहूज नदी पुल के पास लहार रोड से धर्मेंद्र उर्फ पिंटू पुत्र रघुवीर शर्मा निवासी हनुमंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी से चोरी का पूरा सामान बरामद किया। आरोपी ने बताया कि वह चोरी का सामान बेचने जा रहा था। इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।