सेंवढ़ा कस्बा में खाद बीज, कीटनाशक के फुटकर विक्रेता बलवीर सिंह ने दुकान पर ही कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। बलवीर भाजपा का मंडल उपाध्यक्ष भी था। रोज की तरह बुधवार को दुकान पर आया। दोपहर में उसने दुकान की शटर डालकर खुद को दुकान में बंद कर लिया और कीटनाशक पी लिया। शाम 5 बजे जब परिजन को शंका होने पर शटर खोलकर देखा तो व्यापारी मृत पड़ा था। परिजन ने आत्महत्या का कारण व्यापार में घाटा होना बताया है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पीएम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली हुई जानकारी के अनुसार ग्राम विसौर निवासी बलवीर सिंह, पिता अतर सिंह गौर (45) सेंवढ़ा कस्बा में शंकर कॉलोनी में खाद, बीज और कीटनाशक बेचने की दुकान है। रोज की तरह बलवीर सिंह अपनी दुकान पर आया। दोपहर तक आसपास के दुकानदारों ने दुकान खुली देखी और दुकान के अंदर बलवीर को भी बैठे देखा। लेकिन दोपहर में दुकान अंदर से बंद हो गई। शाम पांच बजे आसपास के दुकानदारों को शंका हुई तो परिजन को सूचना दी। परिजन ने दुकान की शटर उठाकर देखा तो बलवीर मृत हालत में पड़ा था और मुंह से झाग निकल रहा था ।
सेंवढ़ा के थाना अधीक्षक रामबाबू शर्मा के मुताबिक परिजन ने व्यापार में घाटा होने की बात कही है। फिलहाल शव को पीएम के लिए भेजा है। लेकिन शाम हो जाने से अब पीएम गुरुवार को हो सकेगा। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।