Vidisha जिले के कुरवाई में सीएम राइज स्कूल सहित और दो स्कूलों में बना दीं चार मजार

 


विदिशा. जिले के सीएम राइज स्कूल के दो हिस्सों सहित तीन सरकारी स्कूलों में मजार बन गईं। पता होने के बावजूद शिक्षा विभाग के अफसर खामोश रहे। इसका खुलासा अब हुआ है।राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने गुरुवार को सीएम राइज के हायर सेकंडरी, प्राथमिक सेक्शन सहित एक अन्य सरकारी स्कूल का निरीक्षण कर मजारों को देखा। स्कूल में नमाज के लिए अलग कमरा बना लिया गया था। कानूनगो ने मजारनुमा चबूतरा तोड़ने के आदेश दिए हैं।

नमाज के लिए कमरा

कानूनगो कुरवाई के सीएम राइज स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल परिसर में बनाए गए मजारनुमा चबूतरे को देख आपत्ति जताई। तोड़ने को कहा। कानूनगो ने पत्रिका को बताया कि उन्होंने प्राइमरी सेक्शन वाले स्कूल को देखा। वहां भी एक मजार मिली। एक अन्य स्कूल में पांच कमरों को पार करने के बाद मजार मिली। कानूनगो के अनुसार तीन स्कूलों में चार मजार हैं। बच्चों से बात के आधार पर कानूनगो का कहना है कि इस स्कूल में कभी वंदे मातरम नहीं कराया गया। राष्ट्रगान 15 अगस्त, 26 जनवरी को होता है। तत्कालीन प्राचार्य शायना फिरदौस ने एक कमरा अपने और मुस्लिम शिक्षकों की नमाज के लिए बना रखा था।

प्राचार्य फिरदौस निलंबित

लोक शिक्षण आयुक्त अभय वर्मा ने कुरवाई सीएम राइज स्कूल की प्राचार्य शायना फिरदौस को निलंबित कर दिया है। आयुक्त ने आदेश में लिखा है कि फिरदौस ने प्रभारी प्राचार्य रहते हुए फरवरी 2022 में संस्था की रिपेरिंग के दौरान परिसर में मजारनुमा चबूतरा बनवा दिया। जांच में शिकायत सही पाई गई।

मदरसों का सत्यापन

अशोकनगर जिले में संचालित सभी 18 मदरसों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं व शैक्षणिक स्तर की जांच होगी। पांच महिला प्राचार्य सत्यापन करेंगी। इसी के आधार पर आगामी अनुदान की स्थिति तय होगी। डीईओ ने सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

1 टिप्पणियाँ

और नया पुराने