रिश्तों से दूर होती नई पीढ़ी: टूटते पारिवारिक संवाद और बिखरते कुटुम्ब भाव की चुनौती

रिश्तों से दूर होती नई पीढ़ी: क्यों टूट रहा परिवारों का तानाबाना?




रिश्तों से दूर होती नई पीढ़ी: टूटते पारिवारिक संवाद और बिखरते कुटुम्ब भाव की चुनौती
 गिरीश कुमार पाल

लेखक, योगविद्, समाजसेवक

         

रिश्तों के महत्व से दूर हो रही नई पीढी

जिस भारतीय समाज के ज्ञान, परिवार परम्परा, आचार व्यवहार, खान-पान, परिधान, संस्कारों और कौशल विज्ञान की कभी पूरे विश्व में धाक थी आज वही समाज शनैः शनैः पतन की ओर बढ रहा है। एक समय था जब विश्व के लगभग सभी देश गिरी कंदराओं में निर्वासित जीवन जी रहे थे, ना तो उनकी कोई परिवार समाज रचना थी और ना ही कोई भाषा और संस्कार। तब इस धरती पर सबसे पहले सभ्यता, संस्कृति और ज्ञान के आदान प्रदान की परम्परा का उदय भारत भूमि पर हुआ। इसलिए कालान्तर में ऋषि मुनियों ने जब ज्ञान को लिपिबद्ध किया और वेद पुराणों की रचना की तब बताया गया कि भारत के नाम का अर्थ ही ज्ञान में रत लोगों की तपोभूमि है। जब जम्बूद्वीप के विशाल भू भाग पर विश्व की उत्कृष्ट संस्कृतियों और सभ्यता का बीजारोपण हो रहा था,तब धरती के अन्य भू-भाग पर मनुष्य अन्य पशुओं से थोडा उच्चतर जीवन जी रहे थे। जिस जम्बूद्वीप को कालान्तर में अनेक यशस्वी नाम मिले भारत, हिन्दुस्तान, आज वह अपने पूर्व के भूभाग से आधे से ज्यादा भू-भाग को खो चुका है। आज जिस भारत की सीमाएं हम देख रहे है, वह भी आज सुरक्षित नहीं है। 

यह कोई विस्मय की बात नहीं है, कि आज केवल सीमाओं से नहीं अपितु भीतर से भी भारत कमजोर हो रहा है। जिन जीवन मूल्यों और सनातन संस्कृति से भारत की आत्मा को पोषण मिलता था आज वह कमजोर हो रहा है। पाश्चात्य प्रभावों की कालिमा से आज केवल बाहरी वातावरण ही नहीं आज हमारे समाज की आत्मा भी दूषित हो रही है। आज हमारा भारतीय समाज अनेक चुनौतियों से लड रहा है,वहीं अनेक चुनौतियां तो अघोषित रूप में हमारे घर परिवार, संस्कार, संस्कृति और सभ्यता को दीमक की तरह चाट रहीं है। 


कुटुम्ब से डिंक फैमिली अवधारणा तक का सफर

यह बात पूरा विश्व भतीभांति जानता है, कि धरती पर सबसे पहले परिवार और कुटुम्ब की अवधाराणा का भारत में जन्मी। एक समय था, जब अपने कुटुम्ब और कुल की आन के लिए लोग अपना सर्वस्व न्यौछावर करने को तत्पर रहते थे। कुटुम्ब अर्थात संयुक्त परिवार का भी बृहद रूप, संयुक्त परिवार और कुटुम्ब हमारे पूरे वंश की परम्पराओं को वटवृक्ष की भांति सामाजिक, आर्थिक सुरक्षा प्रदान करते थे। फिर कालान्तर में संयुक्त परिवार एकल परिवारों में सिमट गए और वर्तमान में एकल परिवार भी अब ‘लीव इन रिलेशनशिप‘ जैसे घातक स्वरूप को प्राप्त हो गया है। जहां ना कोई जिम्मेदारी है, ना ही एक दूसरे के प्रति लगाव। जब तक मन किया साथ रहे जब मन भर गया तो सूटकेस लेकर निकल लिए। यहां तक भी रूकते तो कोई उपचार हो सकता था अब और भी भयावह रूप गया है, जिसे लोग डिंक काॅन्सेप्ट नाम दे रहे हैं। एक युवक और युवती दोनों साथ रहेंगे, नौकरी करेंगे, पैसा कमाऐंगे, किन्तु ना तो विवाह करेंगे ना संतान उत्पत्ति करेंगे। जब ऐसे विचार भारतीय युवाओं में आम हो जाएंगे तो रिश्ते और उनकी मर्यादा, आवश्यकताएं कहां करेंगी?


जेन जी, जेन अल्फा के व्यवहारों से बढ रहा अलगाव

परिवारों में नई पीढी आज अपने आपको आधुनिक मान रही है, नए नए संसाधनों की ओर तेजी से बढ रही है। उनके पास ना तो परिवारों के बडों से बात करने का समय है, ना ही बातचीत के लिए कोई विषय वस्तु। वे अपनी ही दुनिया में मगन हैं। ऐसे में परिवार एक पीढी जेन जी की जरूरतों को पूरा करने में अपना जीवन खपा रही है, तो वहीं उसके पहले की पीढी घरों के कोनों में एकांत जीवन जी रही है। तीनों पीढियों में सवांद का सेतु टूट रहा है। नई पीढी के पास आप आधुनिक संसाधन और अनेक तरह के आधुनिक उपकरण और साजो सामान है खुद को व्यस्त रखने के लिए तो वहीं उनके माता पिता उन्हे बडा और प्रतिस्पर्धा के युग में उनके पैरों पर खडा करने की दौड में खुद को खपाए दे रहे हैं। ऐसे में ना तो वे अपने बडों से बात कर पा रहे हैं और ना ही उनके पास की कोई ऐसा समय बच पा रहा है, कि वे उनके पास बैठकर सुख दुख पूछ सकें। ऐसे में हर परिवार में आज एक वैचारिक अलगाव पैदा हो रहा है। जिसके आने वाले समय में और भी घातक परिणाम आएंगे।

 

तनाव,अवसाद और आत्महत्याओं का कारण वैचारिक संवादहीनता

आज समाज में गलाकाट स्पर्धा तेजी से बढ रही है, एक दौर था जब युवा पीढी रोजगार के लिए विदेशों तक जाती थी, तब चिंता थी कि बेटे बेटी पढ लिखकर बाहर जाकर हमें भूल रहे हैं। लेकिन आज का दौर और भी घातक हो रहा है, आज की जेन जी पीढी घरों में रहकर ही ऑनलाईन जाॅब कर रही है। देश दुनिया, परिवार और तीज त्यौहार से कटकर सिर्फ अपने आपको एक लेपटाॅप या डेस्कटाॅप तक सीमित कर लिया है, ना कोई शारीरिक व्यायाम ना कोई योग या बाग-बगीचों में टहलना। ऐसे में शारीरिक और मानसिक रूप से नई पीढी कमजोर होती जा रही है। सद्साहित्य और सद्संगत ना होने के कारण वे अपने आप को एकांकी अनुभव कर रहे हैं। सब कुछ आॅनलाईन सिस्टम पर निर्भर होने के कारण आज की पीढी तेजी से अवसाद से ग्रहित हो रही है। ऐसे में मन के कमजोर होने के कारण कई बार छोटी छोटी बातों पर भी समाधान नहीं निकाल पाने के कारण आत्महत्या जैसा घातक कदम भी उठा रही है। 


समाधान सिर्फ एक संयुक्त परिवार और कुटुम्ब भाव

आधुनिक समय में रिश्तों के तानेबाने को बचाए रखने का एकमात्र मार्ग है परिवार भाव का वर्धन, संयुक्त परिवारों की रचना को बचाना और बढाना। कुटुम्ब के भाव को नई पीढी में भरना। क्योंकि ऐसे परिवारों में बढी से बढी समस्या का समाधान भी सब मिलकर आसानी से निकाल लेते हैं। हास्य विनोद के बीच सामूहिक भोजन, पूजा अर्चना और शाम को एक साथ एक दो घण्टे साथ बैठकर विविध चर्चा करने से सभी का मन जुडा रहता है। कोई भी सदस्य अपने आप को अकेला या थका हुआ महसूस नहीं करता है। तीज त्यौहारों का तो आनंद देखते ही बनता है। ऐसे परिवार जहां जीवन मूल्यों पर चर्चा हो, जहां कुल की परम्पराओं पर बात हो वहां अवसाद, थकान, सामाजिक वैमनस्य का भाव कभी भी नहीं आता है। अतः हमें आने वाले समय के संकटों को भांपकर अभी से अपने परिवारों में एकात्मभाव को बढाने के लिए नियोजन शुरू कर देना चाहिए ताकि आने वाले समय में नई पीढी के रिश्तों के महत्व को समझे और अपने आप को एक चरित्रवान, संस्कारवान, संवेदनशील नागरिक के रूप में समाज में स्थापित कर सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने