हलालपुरा स्थित पटाखा दुकान में तड़के लगी आग, लाखों रुपए का सामान जलकर खाक
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ रोड स्थित हलालपुरा क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक पटाखा दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद दुकान में रखे पटाखों के लगातार धमाके होते रहे, जिससे आसपास का क्षेत्र दहल उठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें करीब 70 फीट तक ऊपर उठ रही थीं। घटना में दुकान में रखा लाखों रुपए का पटाखा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
धमाकों के बीच दमकलकर्मी ने कूदकर बचाई अपनी जान
आग बुझाने के दौरान एक दमकलकर्मी की जान भी खतरे में पड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार आग और पटाखों के धमाकों के बीच दमकलकर्मी को अपनी सुरक्षा के लिए तुरंत कूदना पड़ा। समय रहते बाहर निकलने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
सुबह 3:30 बजे लगी आग, साढ़े तीन घंटे बाद पाया गया काबू
जानकारी के मुताबिक बैरागढ़ रोड पर सुंदर वन गार्डन के सामने स्थित सोनी पटाखा दुकान में शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे आग लगी। सूचना मिलते ही फतेहगढ़, बैरागढ़ और गांधीनगर सहित विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।
फायर फाइटर शाहनवाज अहमद के अनुसार आग पर पूरी तरह काबू पाने में लगभग साढ़े तीन घंटे का समय लगा। सुबह करीब 7 बजे स्थिति नियंत्रण में आ सकी। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
पेट्रोल पंप और मुख्य सड़क के पास होने से बढ़ा खतरा
जिस दुकान में आग लगी वह मुख्य सड़क से सटी हुई है और उसके पास पेट्रोल पंप भी स्थित है। दिन के समय इस क्षेत्र में भारी यातायात रहता है। राहत की बात यह रही कि घटना देर रात हुई, जिससे किसी बड़े जनहानि वाले हादसे की स्थिति नहीं बनी।
दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और लगातार विस्फोट होते रहे।
पुलिस ने बंद कराया ट्रैफिक, बिजली सप्लाई भी रोकी गई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया गया। पटाखों के फटने से जलते हुए टुकड़े सड़क तक पहुंच रहे थे, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बिजली कंपनी ने क्षेत्र की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी। इसके बाद दमकल विभाग ने सुरक्षित तरीके से आग बुझाने की कार्रवाई पूरी की।
गोविंदपुरा के जंगल में भी लगी भीषण आग, समय रहते टला बड़ा हादसा
अन्ना नगर और बुध विहार के सामने जंगल क्षेत्र में फैली आग
इसी बीच भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 59 के अंतर्गत अन्ना नगर और बुध विहार के सामने स्थित जंगल क्षेत्र में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के रहवासियों में दहशत का माहौल बन गया।
आग की चपेट में आने से जंगल क्षेत्र के कई पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा है।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की तत्परता से पाया गया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद प्रतिनिधि प्रमोद शुक्रवारे मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल स्थानीय प्रशासन, बीएचएल प्रबंधन और नगर निगम के फायर विभाग को सूचना देकर सहायता मांगी।
सूचना के बाद पानी के टैंकर और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, जिसके चलते समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और किसी बड़े नुकसान को टाल दिया गया।
