पार्टी ने अपने सभी सांसदों और विधायकों को 'मन की बात' के प्रसारण को सुनने के लिए विशेष इंतजाम करने का निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल तो प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा उज्जैन के एक बूथ पर मन की बात कार्यक्रम को सुनेंगे। मन की बात के प्रदेश प्रभारी राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि, मध्य प्रदेश के 65 हजार बूथों पर मन की बात को सुना जाएगा। प्रत्येक कार्यक्रम में 100 लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि, प्रत्येक जिले में एक यूनिक कार्यक्रम होगा। इसी तरह शैक्षणिक संस्थाओं में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रधानमंत्री की मन की बात का यह कार्यक्रम गैर-राजनीतिक और गैर-प्रशासनिक कार्यक्रम होगा। भोपाल के 15 सौ बूथों पर कार्यक्रम आयोजित होगा। मन की बात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिन लोगों के नाम और कार्यों का जिक्र कर चुके हैं, उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
Tags
राजनीति
