उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के एक गांव से 1 फरवरी शाम को बारात बरेली फतेहगंज पश्चिमी जानी थी, जिसको लेकर दूल्हे पक्ष से सभी तैयारियां कर ली गई थी. मामा-बुआ-फूफा सब बारात में जाने के लिये तैयार हो गए. बस इंतजार था दूल्हे का. दूल्हा शेविंग, बाल कलर और चेहरे पर फेशियल कराने गया था, लेकिन दूल्हा लौटा ही नहीं.
धीरे-धीरे गांव में चर्चा होने लगी कि दूल्हा फरार हो गया. बात दुल्हन के घर तक पहुंच गई. देर रात 9 बजे तक दूल्हा जब घर वापस नहीं आया तो दूल्हे के छोटे भाई को दूल्हा बनाये जाने की बात हुई.
लड़की पक्ष से पूछ कर रात साढ़े 9 बजे छोटा भाई दूल्हा बनकर बारात लेकर बरेली चल गया.
बताया जा रहा है कि देर रात शादी भी संपन्न हो गई है. एसओ अचल कुमार ने बताया कि दूल्हा रिश्ते से संतुष्ट नहीं था, बिना मर्जी उसकी शादी तय हुई थी, लड़के के घर पुलिस को जांच पड़ताल के लिये भेज दिया गया है, कोई लिखित शिकायत नहीं आई है.